देहरादून में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता पर उठ रही चिंताओं के बीच भाजपा ने स्थिति स्पष्ट की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भरोसा दिलाया है कि यात्रा के दौरान ढाबों, रेस्टोरेंटों और होटलों में एलपीजी की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा व्यावसायिक एलपीजी कोटे में वृद्धि की गई है, जिससे उत्तराखंड में आपूर्ति सुचारू बनी रहेगी। साथ ही पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बावजूद राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और केंद्र सरकार द्वारा पहले ही 20 प्रतिशत अतिरिक्त कोटा भी दिया जा चुका है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि एलपीजी या पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। सरकार की तैयारियां पूरी हैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इस वर्ष की चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
गौरतलब है कि 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्गों पर स्थित ढाबों और होटलों में गैस की आपूर्ति को लेकर चिंता जताई जा रही थी, जिसे अब सरकार ने दूर करने का प्रयास किया है।