देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कुल 53.56 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि नगरीय अवस्थापना विकास, सड़कों के निर्माण, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुधार, प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त संपत्तियों के पुनर्निर्माण, डिजिटल फोरेंसिक लैब की स्थापना और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा एवं स्मृति द्वार निर्माण जैसी परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी।
राज्य योजना के अंतर्गत देहरादून के लिए सिटी मोबिलिटी प्लान से जुड़े छह महत्वपूर्ण कार्यों के लिए 33.45 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इस योजना का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आधुनिक नगरीय सुविधाओं का विस्तार करना है।
इसके अतिरिक्त राज्य कर विभाग में डिजिटल फोरेंसिक लैब स्थापित करने के लिए 11.27 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह प्रयोगशाला नेशनल फोरेंसिक्स साइंस यूनिवर्सिटी के सहयोग से स्थापित की जाएगी, जिससे साइबर अपराधों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच में राज्य को आधुनिक तकनीकी सहायता मिल सकेगी।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित जनपद चमोली में पूर्णतः क्षतिग्रस्त 85 आवासीय भवनों के पुनर्निर्माण तथा 17 मृतकों के आश्रितों को राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 करोड़ रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति भी दी गई है।
सरकार ने इसके साथ ही राज्य में सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के तहत डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और स्मृति द्वार निर्माण के लिए भी बजट स्वीकृत किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं और आपदा प्रबंधन प्रणाली को भी मजबूत किया जाएगा।