2027 में भाजपा की हैट्रिक का दावा: नए विस्तारित कार्यालय से चुनावी रणनीति को मिलेगी धार

देहरादून।  भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए प्रदेश कार्यालय के विस्तार कार्य की शुरुआत हवन पूजन के साथ की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर हैट्रिक लगाएगी।

बलबीर रोड स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन में कार्यालय का विशेष महत्व होता है और यहीं से पार्टी की अधिकांश गतिविधियों का संचालन किया जाता है। उन्होंने कार्यालय को संगठन के लिए मंदिर के समान बताते हुए कहा कि विस्तारित परिसर से कार्यकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और चुनावी प्रबंधन अधिक सुव्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।

महेंद्र भट्ट ने बताया कि आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ प्रबंधन, चुनावी रणनीति, विधिक कार्य, प्रचार सामग्री, घोषणा पत्र और विभिन्न प्रकल्पों के संचालन के लिए अतिरिक्त स्थान की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वर्तमान परिसर से सटे नए परिसर को भी व्यवस्थित किया गया है, जिससे पार्टी की गतिविधियों को और अधिक गति मिल सके।

उन्होंने कहा कि नया विस्तारित परिसर चुनावी तैयारियों के लिए शुभ और उपयोगी साबित होगा तथा यहां से संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यालय विस्तार के इस कदम को संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा संगठनात्मक रूप से लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा जनता का समर्थन पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2027 के चुनाव में भाजपा अपनी नीतियों, विकास कार्यों और मजबूत संगठन के बल पर फिर से जीत हासिल करेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.