नवरात्र से पहले रुद्रपुर के मंदिर होंगे जगमग, नगर निगम ने शुरू की खास तैयारी

रुद्रपुर।  चैत्र नवरात्र के पावन पर्व को लेकर रुद्रपुर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और भक्तिमय वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम रुद्रपुर ने विशेष अभियान शुरू किया है। महापौर विकास शर्मा ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

महापौर ने बताया कि नवरात्र के दौरान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मंदिरों में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्र और मार्गों की विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने जानकारी दी कि बुधवार को वे स्वयं शिप्रा जोशी पाण्डे, नगर आयुक्त, और नगर निगम की टीम के साथ शहर के पांच प्रमुख मंदिरों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे और लोगों को मंदिरों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक भी करेंगे।

नगर निगम द्वारा मंदिरों को आकर्षक बनाने के लिए विशेष सजावट की भी योजना बनाई गई है। सभी प्रमुख मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और सुंदर मालाओं से सजाया जाएगा, जिससे नवरात्र के दौरान शहर का धार्मिक माहौल और अधिक भव्य एवं आकर्षक नजर आएगा।

नगर प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुखद वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.