हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 की तारीख तय, राज्यपाल ने तैयारियों की ली समीक्षा

देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट कर आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों की जानकारी साझा की।

इस दौरान हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि वर्ष 2026 में श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे के पवित्र कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए विधिवत रूप से खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही यात्रा का औपचारिक शुभारंभ 20 मई 2026 को ऋषिकेश से ‘पंज प्यारों’ की अगुवाई में पहले जत्थे की रवानगी के साथ होगा।

राज्यपाल ने यात्रा की तैयारियों को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए आते हैं, इसलिए यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने यात्रा मार्गों पर किए जा रहे अवस्थापना विकास कार्यों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। राज्यपाल ने विशेष रूप से स्वास्थ्य, सुरक्षा, परिवहन और आवास जैसी सुविधाओं पर ध्यान देने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक के दौरान यह भी चर्चा की गई कि यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। राज्यपाल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.