देहरादून। शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी हुई तीन दोपहिया वाहनों को बरामद करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले के अनुसार, डोईवाला कोतवाली क्षेत्र के भानियावाला निवासी सौरभ प्रजापति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके घर के बाहर खड़ी उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK-07-DT-8584) को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। वहीं, पटेलनगर निवासी निखिल चौहान ने भी अपनी मोटरसाइकिल (UK-07-DZ-1338) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसी तरह बसंत विहार थाना क्षेत्र में पूजा बिहार, जीएमएस रोड निवासी प्रियंका पाराशर की स्कूटी (UK-02-A-2526) सेंटेरियो मॉल के बाहर से चोरी हो गई थी। बताया गया कि स्कूटी में गलती से चाबी लगी रह गई थी, जिसका फायदा उठाकर चोर वाहन लेकर फरार हो गया।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए देहरादून पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने डोईवाला, डालनवाला और पटेलनगर थाना क्षेत्रों में विशेष पुलिस टीमें गठित कर जांच के निर्देश दिए।
पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए तीनों दोपहिया वाहन बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त हो सकते हैं, जिनसे अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि शहर में वाहन चोरी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और चाबी वाहन में न छोड़ें।