महाकाली की उफनती धाराओं में 36 जांबाजों की चुनौती, शुरू हुआ रोमांचक राफ्टिंग अभियान

रानीखेत।  सीमांत क्षेत्रों में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं में फिटनेस व अनुशासन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल के तत्वावधान में महाकाली नदी में व्हाइट वाटर रिवर राफ्टिंग अभियान “तरणी 2026” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्घाटन आशीष कुमार भटगांई ने बतौर मुख्य अतिथि किया।

चार दिवसीय इस साहसिक अभियान में कुल 36 जांबाज प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 7 अधिकारी, 4 महिला और 25 पुरुष कर्मी शामिल हैं। ये सभी प्रतिभागी जौलजीबी से बूम तक लगभग 150 किलोमीटर लंबा कठिन जलमार्ग तय करेंगे। यह अभियान 19 मार्च तक चलेगा, जिसमें महाकाली नदी की तेज और उफनती धाराओं के बीच प्रतिभागी अपने साहस और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

अमित कुमार की अध्यक्षता में शुरू हुए इस अभियान में उप महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल को अभियान कमांडर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि 55वीं वाहिनी के कमांडेंट आशीष कुमार उप कमांडर के रूप में अभियान का संचालन कर रहे हैं। प्रतिभागी छह राफ्ट और दो कायक के माध्यम से इस चुनौतीपूर्ण यात्रा को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेंगे।

अभियान के पहले दिन जौलजीबी से झुलाघाट तक लगभग 35 से 40 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इस दौरान 55वीं वाहिनी द्वारा स्थानीय लोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।

यह अभियान फिट इंडिया अभियान और खेलो इंडिया जैसी राष्ट्रीय योजनाओं की भावना के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य न केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना है, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में जागरूकता और सामुदायिक सहयोग को भी मजबूत करना है।

इस अवसर पर सेना, आईटीबीपी, एसएसबी, उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.