रुड़की में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम, रितु कंडियाल ने कांग्रेस छोड़ यूकेडी का थामा दामन

रुड़की। उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति में सोमवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया, जब कांग्रेस से जुड़ी रहीं  रितु कंडियाल जुयाल  ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़कर  Uttarakhand Kranti Dal  (यूकेडी) की सदस्यता ग्रहण कर ली। ढंडेरा के अशोक नगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यूकेडी नेताओं ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में यूकेडी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष  Jaiprakash Upadhyay , केंद्रीय महामंत्री  Rajendra Singh Bisht  और केंद्रीय प्रवक्ता  Raj Ratan Rawat  सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान रितु कंडियाल के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने भी यूकेडी की सदस्यता ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयप्रकाश उपाध्याय ने कांग्रेस और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों राष्ट्रीय दलों ने बारी-बारी से उत्तराखंड को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, जबकि खनन माफिया और भूमाफिया राज्य के संसाधनों का दोहन कर रहे हैं।

केंद्रीय महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि जिस तरह उत्तराखंड राज्य आंदोलन के समय लोग एकजुट होकर अपनी आवाज उठाते थे, उसी तरह आज फिर प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यूकेडी लगातार राज्य के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है।

कार्यक्रम में सरिता पुरोहित ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में मातृशक्ति की अहम भूमिका रही है, लेकिन आज प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा भी एक गंभीर मुद्दा बन गई है। उन्होंने प्रदेश के विकास और स्वाभिमान की लड़ाई में सभी लोगों से भागीदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर रितु कंडियाल जुयाल ने यूकेडी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। कार्यक्रम का संचालन राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र सिंह रावत और राकेश चौहान ने किया। कार्यक्रम में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.