देहरादून में महिला शक्ति का सम्मान, मंत्री गणेश जोशी ने आंगनवाड़ी व आशा कार्यकत्रियों को किया सम्मानित
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सहस्त्रधारा बांडावाली स्थित सामुदायिक भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, आशा कार्यकत्रियों और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को स्मृति चिन्ह और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके समर्पण व सेवा भाव से ही समाज सशक्त बनता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार समूह से जुड़कर वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं। मंत्री ने महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।