चंपावत। जनपद के नागरिकों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपजिला चिकित्सालय टनकपुर से एडवांस्ड कार्डियोवस्कुलर लाइफ सपोर्ट (ACLS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अत्याधुनिक एम्बुलेंस के संचालन से क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में तेज और उन्नत चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
यह एम्बुलेंस आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस है, जो गंभीर हृदय रोग, दुर्घटना या अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान करने में सक्षम होगी। इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल तक सुरक्षित और शीघ्र पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी। यह एम्बुलेंस बहल पेपर मिल्स लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपजिला चिकित्सालय में आधुनिक फेकोइमल्सीफिकेशन मशीन का भी लोकार्पण किया। इस मशीन के माध्यम से अब मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों का उपचार आधुनिक तकनीक से स्थानीय स्तर पर ही किया जा सकेगा। इससे मरीजों को इलाज के लिए अन्य जिलों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और क्षेत्र के बुजुर्गों सहित सभी नेत्र रोगियों को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में स्थापित नई डायलिसिस मशीन का भी निरीक्षण किया और चिकित्सकों से इसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे मरीजों को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ उपचार उपलब्ध कराएं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में लोगों का भरोसा और मजबूत हो।