देहरादून। उत्तराखंड के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर राज्य की घेरबाड़ योजना के लिए घोषित धनराशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए अवगत कराया कि पिछले माह चमोली जिले के गौचर में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के लिए घेरबाड़ योजना के अंतर्गत 90 करोड़ रुपये की धनराशि की घोषणा की गई थी। उन्होंने कहा कि यदि यह राशि समय पर जारी हो जाती है तो किसानों को फसलों की सुरक्षा और उत्पादन बढ़ाने में बड़ी मदद मिलेगी।
कृषि मंत्री ने बताया कि घेरबाड़ योजना का उद्देश्य जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान को रोकना है। पर्वतीय क्षेत्रों में किसानों को इस समस्या का लंबे समय से सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में केंद्र से घोषित धनराशि का शीघ्र अवमुक्त होना आवश्यक है।
इस पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि घोषित 90 करोड़ रुपये में से प्रथम किश्त के रूप में 25 करोड़ रुपये तीन दिन के भीतर राज्य सरकार को उपलब्ध करा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी।
इस आश्वासन से प्रदेश के किसानों में उम्मीद जगी है कि घेरबाड़ योजना को जल्द गति मिलेगी और उन्हें फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।