देहरादून स्थित हाथीबड़कला में प्रदेश के काबीना मंत्री गणेश जोशी के आवास पर होली के पावन अवसर पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, प्रबुद्धजन, मीडिया प्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। रंगों और खुशियों से सराबोर इस आयोजन में पारंपरिक संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिली। कुमाऊँनी और गढ़वाल के राठ होलियारों ने खड़ी होली की पारंपरिक धुनों पर फाग गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने छोलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, जबकि मसकबीन और ढोल-दमाऊँ की गूंजती थापों ने वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से महसूस किया।
मंत्री गणेश जोशी ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं को सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है।
समारोह ने देहरादून में रंगों के इस पर्व को यादगार बना दिया और लोगों को एक मंच पर जोड़ते हुए पारंपरिक होली की सुंदर छटा प्रस्तुत की।