कार पार्किंग को लेकर विवाद बना हिंसक, युवक से बेरहमी से मारपीट का वीडियो वायरल

किच्छा के आवास विकास क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बहेड़ी निवासी अरुण शर्मा किच्छा के वार्ड नंबर 11 स्थित एक निजी कार्यालय में कार्यरत हैं। गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने मालिक की कार आवास विकास गेट के पास पार्क करने पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद एक युवक और उसकी मां ने वाहन खड़ा करने पर आपत्ति जताई, जिस पर कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया गया।

बताया जा रहा है कि स्थिति को बढ़ता देख अरुण शर्मा कार पार्क कर अपने कार्यालय लौट गए। कुछ देर बाद आरोपित युवक 15-20 लोगों के साथ कार्यालय के बाहर पहुंच गया। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उसे बाहर बुलाया, बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।

अरुण शर्मा ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में उनके सिर और शरीर पर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराना पड़ा। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई।

पीड़ित के अनुसार पूरी वारदात कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किच्छा निवासी फरद, फैसल, सारीन तुर्क, मोन्टी, बिलाल सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.