रानीखेत के 102 मेधावी छात्रों को बड़ी सौगात, CM छात्रवृत्ति की पहली किस्त खातों में ट्रांसफर

रानीखेत। रानीखेत स्थित स्व. जयदत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सैनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के 102 छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत बड़ी राहत मिली है। प्रदेश सरकार ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 27 लाख 40 हजार रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की है।

नोडल अधिकारी डॉ. नमिता मिश्रा ने बताया कि योजना के अंतर्गत स्नातक प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर में अध्ययनरत विभिन्न संकायों के प्रथम तीन स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को क्रमशः 3000, 2000 और 1500 रुपये प्रतिमाह की दर से छह माह की छात्रवृत्ति की पहली किस्त जारी की गई है। इसी प्रकार स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर के टॉप तीन विद्यार्थियों को 5000, 3000 और 2000 रुपये प्रतिमाह की दर से भुगतान किया गया।

सत्र 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण करने वाले प्रथम तीन स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को क्रमशः 35 हजार, 25 हजार और 20 हजार रुपये की एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान की गई। वहीं स्नातकोत्तर में शीर्ष स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को 60 हजार, 35 हजार और 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना मेधावी छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी और अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और उत्तराखंड शासन का आभार व्यक्त किया।

उच्च शिक्षा निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई। योजना के सफल क्रियान्वयन में समिति सह-संयोजक डॉ. सुमिता गड़कोटी, डॉ. दीपाली कनवाल, डॉ. कोमल गुप्ता, डॉ. निहारिका बिष्ट, डॉ. नीमा बोरा और डॉ. किरण चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.