देहरादून में सरस्वती शिशु मंदिर के वार्षिकोत्सव में सुबोध उनियाल का बड़ा ऐलान, शिक्षा को लेकर दी खास सौगात
देहरादून। मुनि की रेती स्थित 14 बीघा परिसर में आयोजित श्याम कृष्ण पंवार सरस्वती शिशु मंदिर के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद विद्यालय परिवार द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर ‘सा विद्या या विमुक्तये’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती से जुड़े विद्यालय केवल औपचारिक शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का विकास भी करते हैं। ऐसे संस्थान विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला रख रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्मार्ट क्लास, 20 कंप्यूटर और अन्य शैक्षिक संसाधनों की व्यवस्था के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये की सहायता का अनुरोध किया गया। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने 11 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। इस घोषणा से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल देखा गया और विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षकों ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने लोकसंस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विज्ञान एवं ग्रामीण जीवन शैली पर आधारित प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसका मंत्री ने अवलोकन कर सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम, नैतिकता और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष चन्द्रवीर पोखरियाल, प्रधानाचार्य सुरेन्द्र सिंह नेगी, प्रांत सह प्रदेश निरीक्षक (विद्या भारती) विनोद रावत, नगरपालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, विमला देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।