सिक्किम में गुरुवार सुबह एक बार फिर धरती कांप उठी। सुबह करीब 11:34 बजे आए भूकंप के तेज झटकों से लोग कुछ देर के लिए दहशत में आ गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.6 दर्ज की गई है। राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार भूकंप का केंद्र पश्चिम सिक्किम के गेजिंग क्षेत्र में था। यह जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था, जिसके कारण झटके अपेक्षाकृत स्पष्ट रूप से महसूस किए गए। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ सेकंड तक धरती में कंपन महसूस हुआ, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
भूकंप के झटके केवल सिक्किम तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उत्तर बंगाल के कई इलाकों और पड़ोसी देश नेपाल के पूर्वी जिलों में भी महसूस किए गए। हालांकि कहीं से भी किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और एहतियात के तौर पर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ सप्ताहों से सिक्किम और आसपास के क्षेत्रों में हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप के झटके लगातार दर्ज किए जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए समय-समय पर इस तरह की गतिविधियां होती रहती हैं।
फिलहाल हालात सामान्य हैं, लेकिन लगातार आ रहे झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है।