बीसीडी चुनाव मतगणना टली: आखिर क्यों 26 फरवरी से बढ़ाकर 7 मार्च की गई तारीख?

नई दिल्ली,  बार काउंसिल ऑफ दिल्ली (बीसीडी) के चुनाव की मतगणना अब 26 फरवरी के बजाय 7 मार्च से शुरू होगी। इस संबंध में निर्वाचन अधिकारी एवं सेवानिवृत्त जस्टिस तलवंत सिंह ने अधिसूचना जारी कर नई तारीख की घोषणा की है।

अधिसूचना के अनुसार इस बार चुनाव में कुल 221 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसके कारण बैलेट पेपर का आकार काफी बड़ा हो गया है। पहले मतगणना के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय के एक्सटेंशन ब्लॉक में स्थान निर्धारित किया गया था, लेकिन सीमित जगह के कारण वहां मतगणना कराना कठिन बताया गया।

निर्वाचन अधिकारी ने दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय से बड़े स्थान की मांग की। इसके बाद एस ब्लॉक लाउंज उपलब्ध कराया गया। अब मतगणना सातवीं मंजिल पर होगी, जबकि छठी मंजिल पर उम्मीदवार या उनके एजेंट स्क्रीन के माध्यम से पूरी प्रक्रिया देख सकेंगे।

बीसीडी का तीन दिवसीय मतदान 23 फरवरी को संपन्न हुआ था, जिसमें करीब 57 हजार से अधिक वकीलों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान 79 उम्मीदवारों को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में निलंबित किया गया था। हालांकि बाद में उनकी अपील स्वीकार करते हुए निलंबन वापस ले लिया गया।

इस चुनाव के माध्यम से 25 सदस्यीय बीसीडी के 23 सदस्यों का चयन किया जाना है। उल्लेखनीय है कि इस बार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद पहली बार महिला उम्मीदवारों को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। चुनाव परिणाम को लेकर अधिवक्ता समुदाय में उत्सुकता बनी हुई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.