देहरादून। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव **डॉ. महेन्द्र कुमार** ने 24 और 25 फरवरी 2026 को जनपद देहरादून के विभिन्न **पीएम श्री विद्यालय** का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, अधोसंरचना और योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण के तहत विकासखंड डोईवाला स्थित पीएम श्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौलीग्रांट-2, रायपुर स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, पीएम श्री राजीव गांधी नवोदय विद्यालय तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय वीरपुर का दौरा किया गया। संयुक्त सचिव ने कक्षाओं का अवलोकन कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद किया।
उन्होंने पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों और नवाचारों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य शिक्षा अधिकारी और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।
बैठक में डॉ. महेन्द्र कुमार ने तीन महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा को और सुदृढ़ किया जाए तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को भी पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए, ताकि छात्र आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस हो सकें। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वच्छक की नियुक्ति अनिवार्य करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि पीएम श्री योजना का उद्देश्य विद्यालयों को उत्कृष्ट शिक्षण केंद्रों के रूप में विकसित करना है, जहां आधुनिक शिक्षा, तकनीक और अनुशासन का समन्वय हो। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए।