देहरादून उत्तराखंड के पत्रकारिता जगत के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार राम प्रताप मिश्र ‘साकेती’ का निधन हो गया। उनके निधन से मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ‘साकेती’ जी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक अपनी निष्पक्ष और प्रतिबद्ध सेवाएं दीं। उनका निधन समाज और मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
वहीं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने भी राम प्रताप मिश्र ‘साकेती’ के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘साकेती’ जी की लेखनी और व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेंगे।
पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक लोगों ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।