देहरादून में डिज़ाइनर्स का अनोखा संगम, 100 से अधिक प्रतिभागियों ने किया राजयोग अनुभव

देहरादून के सुभाषनगर स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्र में डिज़ाइन एंड इनोवेशन समिट का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में लगभग 100 से अधिक डिज़ाइनर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रचनात्मकता के साथ-साथ राजयोग ध्यान का भी अभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समिट में मुख्य अतिथि के रूप में डेसमैनिया डिज़ाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुज प्रसाद, स्कूल ऑफ डिजाइन एवं स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग की डॉ. एकता सिंह तथा कैंब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक सार्थक वोहरा उपस्थित रहे।

समिट के अंतर्गत आयोजित पैनल चर्चा में मुख्य अतिथियों के साथ डिज़ाइन एंड इनोवेशन विंग की संस्थापक बी.के. सविता दीदी और राष्ट्रीय संयोजक बी.के. रूपम ने भी सहभागिता की। पैनलिस्टों ने डिज़ाइनर्स के प्रश्नों का उत्तर देते हुए नवाचार, रचनात्मक सोच, पेशेवर विकास और बदलते समय में डिज़ाइन की भूमिका पर विस्तार से विचार साझा किए।

ब्रह्माकुमारीज देहरादून सब जोन संचालिका बी.के. मंजू दीदी ने अपने आशीर्वचनों में शांत मन और सकारात्मक सोच के माध्यम से जीवन को सफल बनाने का संदेश दिया। वहीं राजयोगी बी.के. सुशील ने सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और कार्य-जीवन में संतुलन बनाए रखने पर प्रेरक विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान बी.के. सविता दीदी द्वारा विशेष ध्यान सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने गहन शांति और आत्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ, पटका एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।

यह समिट आध्यात्मिकता और नवाचार के समन्वय का एक प्रेरणादायी मंच साबित हुई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.