हरिद्वार में भव्य समारोह: डॉ. श्रीगोपाल नारसन को मिला ‘श्रेष्ठ रत्न सम्मान’

हरिद्वार में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ के उपकुलपति एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. श्रीगोपाल नारसन को साहित्य क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘श्रेष्ठ रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम ‘मनु मन की आवाज’ और ‘आत्म चिन्तनम्’ संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।

समारोह का संयोजन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एम्बेसडर डॉ. मनु शिवपुरी ने किया, जबकि अध्यक्षता संस्कृत भारती के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनन्द भारद्वाज ने की। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश, रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा सहित कई विशिष्ट अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. मनु शिवपुरी की जल स्वच्छता एवं संरक्षण विषयक नई पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। अपने संबोधन में विधायक आदेश चौहान ने युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।

डॉ. श्रीगोपाल नारसन ने विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ के इतिहास और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा के साथ अष्टांग योग को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने डॉ. मनु शिवपुरी को ‘विद्या वाचस्पति’ उपाधि प्राप्त करने पर शुभकामनाएं भी दीं।

डॉ. आनन्द भारद्वाज ने कोविड काल में डॉ. मनु शिवपुरी द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रतिबद्ध समाजसेवी बताया। वहीं, डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के समन्वय को विकास की कुंजी बताते हुए कहा कि सकारात्मक पहल शासन को नई दिशा देती है।

समारोह में अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.