पर्वतीय विकास और रोजगार पर फोकस—कैसा होगा इस बार का जनोन्मुखी बजट?

जनपद पौड़ी के रांसी स्थित बहुउद्देश्यीय भवन में आयोजित बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर आगामी बजट के लिए सुझाव आमंत्रित किए। कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से आए जनप्रतिनिधियों, किसानों, उद्यमियों, व्यापारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, पर्यटन व्यवसायियों, मत्स्य पालकों, कृषि वैज्ञानिकों और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा जनोन्मुखी और जनहितकारी बजट तैयार करना है, जो प्रदेश की जमीनी आवश्यकताओं और क्षेत्रीय विशेषताओं के अनुरूप हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण का एक व्यापक रोडमैप है। इसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, स्थानीय रोजगार सृजन, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और महिला सशक्तिकरण से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेने का आश्वासन देते हुए कहा कि प्राप्त व्यावहारिक और दूरदर्शी सुझाव राज्य की विकास दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट निर्माण प्रक्रिया को पारदर्शी, सहभागी और समावेशी बनाने का संकल्प लिया है। सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड व्यापार, उद्योग, पर्यटन, कृषि और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। होमस्टे योजना, स्वरोजगार योजनाएं और निवेश को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। सरकार का लक्ष्य किसानों को केवल उत्पादक ही नहीं, बल्कि सफल उद्यमी के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम का संचालन अपर सचिव मनमोहन मैनाली ने किया। इसमें 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिला पंचायत पौड़ी की अध्यक्षा रचना बुटोला, मेयर श्रीनगर आरती भंडारी, आयुक्त गढ़वाल/सचिव उद्योग विनय शंकर पांडे, पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित अनेक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी बजट प्रदेश के संतुलित और समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, जिसमें पर्वतीय क्षेत्रों की विशेष आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.