After Header-1

रुड़की प्रेस क्लब का भव्य शपथ ग्रहण, पत्रकारिता को ‘मिशन’ बताकर दिया बड़ा संदेश

300×250 ADS-1

रुड़की। प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि.) का शपथ ग्रहण समारोह ईदगाह चौराहा स्थित होटल सचिन इंटरनेशनल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। क्लब अध्यक्ष प्रिंस शर्मा, महासचिव मोनू शर्मा, उपाध्यक्ष आरिफ नियाजी, सचिव सलमान मलिक, कोषाध्यक्ष शहजाद राजपूत सहित निदेशक मंडल के सदस्यों को शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता **आचार्य लोकेश जी महाराज** ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य सत्य के साथ खड़ा होना है, न कि सत्ता के साथ। यदि सत्ता में कोई कमी या त्रुटि दिखाई दे, तो उसे उजागर करना पत्रकारों का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन है, जिसे जिम्मेदारी और सेवा भाव से निभाया जाना चाहिए।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की **दीपक रामचंद्र सेठ** ने कहा कि रुड़की शिक्षानगरी के रूप में देशभर में प्रसिद्ध है। यहां का सौहार्दपूर्ण वातावरण और सभ्यता उदाहरण प्रस्तुत करती है। उन्होंने पत्रकारों से अपेक्षा की कि वे अपनी निष्पक्ष और सकारात्मक भूमिका से शहर की गरिमा बनाए रखें।

300×600 ADS-2

दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री **विनय रोहिल्ला** कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन वर्चुअल माध्यम से अपने संदेश में उन्होंने प्रेस क्लब को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब को भवन उपलब्ध कराने के लिए गंभीर प्रयास किए जाएंगे।

जिला सूचना अधिकारी रतीलाल ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और जन समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना उनका महत्वपूर्ण दायित्व है। मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि रुड़की की विशेषता यह है कि यहां दो पत्रकार संगठन होने के बावजूद आपसी सौहार्द बना हुआ है। नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने कहा कि पत्रकारों के माध्यम से प्रशासन को जन समस्याओं की सही जानकारी मिलती है।

पूर्व मेयर गौरव गोयल ने पत्रकारिता को तलवार की धार पर चलने जैसा मिशन बताया। वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता और किसान नेता चौधरी सुभाष नंबरदार ने भी पत्रकारों की भूमिका की सराहना की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और समाधान के प्रयास का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान किया गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.