देहरादून में बिजली केबल चोरी का खुलासा, महिला आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में विद्युत केबल चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला अभियुक्ता को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को दबोचा।

जानकारी के अनुसार तपोवन रोड, रायपुर निवासी ऋषि कोठारी ने थाना बसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी कि विद्युत विभाग द्वारा क्षेत्र में भूमिगत केबल डालने का कार्य किया जा रहा है। इसी दौरान 13 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे अज्ञात चोरों ने शहीद द्वार के सामने ट्रांसफार्मर के पास से बिजली के केबल काटकर चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना बसंत विहार में धारा 303(A) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना पर 14 फरवरी को अभियुक्ता मीना देवी (32 वर्ष) को वसंत विहार चौक के पास से चोरी किए गए बिजली के तार के साथ गिरफ्तार किया गया।

आरोपी मीना देवी मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार की रहने वाली है और वर्तमान में कांवली रोड, बल्लीवाला चौक के पास रह रही थी। पुलिस के अनुसार वह कबाड़ बीनने का कार्य करती है और इसी बहाने मौका देखकर चोरी की घटना को अंजाम देती थी।

पुलिस ने चोरी किया गया बिजली का तार बरामद कर लिया है और अभियुक्ता के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.