द्रोण महोत्सव 2026 का भव्य आगाज, ग्रामीण उद्यमिता को मिला नया मंच

देहरादून। सहस्त्रधारा रोड स्थित एक निजी होटल में भारतीय ग्रामोत्थन संस्था द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ‘द्रोण महोत्सव 2026’ का शुभारंभ ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण का सशक्त मंच है।

मंत्री जोशी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, कारीगर और हस्तशिल्पी अपने परिश्रम से तैयार उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर रहे हैं। यह न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलती है और बाजार तक सीधी पहुंच बनती है।

उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों में विभिन्न विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। अधिक से अधिक स्टॉल उपलब्ध कराए जाने से स्वयं सहायता समूहों को बेहतर बाजार मिलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

महोत्सव में प्रदेशभर से आए उद्यमियों ने हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद, पारंपरिक वस्त्र और घरेलू उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई है। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश डोभाल, निरंजन डोभाल, सुरेंद्र राणा, आशीष थापा और अनिल चंदोला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

द्रोण महोत्सव 2026 आने वाले दस दिनों तक लोगों को ग्रामीण उत्पादों और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.