नड्डा ने दी 2027 चुनाव की रणनीति, सरकार-संगठन समन्वय पर खास जोर

देहरादून। भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बेहद जरूरी है।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए नड्डा ने धामी सरकार की पीठ थपथपाई। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक मार्गदर्शन भी दिया।

मीडिया ब्रीफिंग में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। नड्डा ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

बैठक में तीन प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हुई—सरकार और संगठन के समन्वय को और मजबूत करना, बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना और प्रशिक्षण महा अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को तैयार करना। 17 फरवरी से प्रदेश कार्यशाला के साथ प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत होगी। इसके अलावा 23 मार्च को प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर विशाल रैली आयोजित करने की योजना भी बनाई गई है।

बैठक में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठनात्मक ढांचे और विकास कार्यों के दम पर 2027 में पहले से बड़ी जीत हासिल की जा सकती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.