देहरादून। उत्तराखंड में पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को नई ऊंचाई देने के लिए वर्ष 2026 में कई बड़े आयोजन प्रस्तावित हैं। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि जून 2026 में भारतीय सेना के सहयोग से बद्रीनाथ और माणा क्षेत्र में ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल’ के दूसरे संस्करण का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के साथ ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज’ का आयोजन प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत हेलंग से उर्गम, रुद्रनाथ, मंडल होते हुए ऊखीमठ तक कुल 91 किलोमीटर लंबी ट्रेल आयोजित की जाएगी, जो एडवेंचर प्रेमियों के लिए खास आकर्षण होगी।
इसके अलावा औली में आयोजित नेशनल हिमकीड़ा स्कीइंग विंटर कार्निवल-2026 का शुभारंभ हो चुका है, जो 16 फरवरी 2026 तक चलेगा। मंत्री ने कहा कि इस विंटर कार्निवल को अब हर वर्ष नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।
पर्यटन विभाग द्वारा 31 मई 2026 को चमोली जनपद की नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ आयोजित करने की योजना है। इसमें रिमखिम से नीति होते हुए मलारी तक 75 किमी अल्ट्रा मैराथन और 42 किमी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। विदेशी प्रतिभागियों को आकर्षित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
साथ ही, 80 के दशक की प्रसिद्ध हिमालयन कार रैली को भी 2026 में पुनः शुरू किया जाएगा। पैराग्लाइडिंग को बढ़ावा देने के लिए एक्रो फेस्टिवल को भी वार्षिक कैलेंडर इवेंट बनाया गया है। पर्वतमाला परियोजना के तहत केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे निर्माण कार्य भी इसी वर्ष शुरू होने की संभावना है।