ऊधमसिंहनगर को मिला नया कप्तान, आईपीएस अजय गणपति ने संभाली कमान

रुद्रपुर। वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय गणपति ने ऊधमसिंहनगर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके पदभार संभालते ही जिले में पुलिस महकमे में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

अजय गणपति इससे पूर्व चंपावत में एसपी के पद पर तैनात थे। वहां उन्होंने लगभग दो वर्षों तक जिले की कमान संभाली और अपनी प्रभावी कार्यशैली तथा सख्त प्रशासनिक दृष्टिकोण से कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा। उनके कार्यकाल को अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग के बेहतर समन्वय के लिए जाना जाता है।

ऊधमसिंहनगर जैसा संवेदनशील और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला संभालना एक बड़ी जिम्मेदारी माना जा रहा है। पदभार ग्रहण करने के बाद अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करना, अपराध और अपराधियों पर सख्ती से अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहेगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस-जन संवाद को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। साथ ही संगठित अपराध, नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात व्यवस्था सुधारने और साइबर अपराधों पर नियंत्रण भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

जिले के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने नए एसपी का स्वागत किया और बेहतर टीमवर्क के साथ काम करने का भरोसा दिलाया। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.