After Header-1

नाबालिग से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी, दून पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

देहरादून। सेलाकुई क्षेत्र में नाबालिग से छेड़छाड़ और परिजनों को जान से मारने की धमकी देने के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार सेलाकुई निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो युवक उनकी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मु.अ.सं. 21/2026 के तहत धारा 137(2), 351(2), 74/87 बीएनएस तथा 7/8 पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सुरागरसी और पतारसी शुरू की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर घटना में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऋषभ उर्फ अभिषेक और शुभम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों को गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.