मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत, 3 करोड़ से अधिक राशि डीबीटी से जारी

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने गुरुवार को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत लाभार्थियों को दो माह की सहायता राशि जारी की। कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 3 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान प्रारंभ की गई थी। इस योजना के तहत उन बच्चों को प्रति माह 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिन्होंने महामारी के दौरान अपने अभिभावकों को खो दिया था और बेसहारा हो गए थे। उन्होंने कहा कि नवंबर 2025 तक की सहायता राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी।उन्होंने जानकारी दी कि दिसंबर माह के लिए 5114 लाभार्थियों को कुल 1 करोड़ 53 लाख 42 हजार रुपये की धनराशि जारी की गई है। वहीं जनवरी माह के लिए 5078 लाभार्थियों को 1 करोड़ 52 लाख 34 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य इन बच्चों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहयोग देना है।उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के तहत लाभार्थी 21 वर्ष की आयु पूरी होने तक सहायता प्राप्त करते हैं। इसके अलावा बालिका लाभार्थियों के विवाह या किसी लाभार्थी के सेवायोजित हो जाने की स्थिति में उन्हें योजना से बाहर कर दिया जाता है।कार्यक्रम के दौरान सीपीओ अंजना गुप्ता, डिप्टी सीपीओ राजीव नयन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सरकार ने दोहराया कि जरूरतमंद बच्चों के हितों की सुरक्षा और उनके भविष्य को संवारना राज्य की प्राथमिकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.