After Header-1

रायपुर के सरोना में लगा जनसेवा शिविर, 451 लोगों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ

देहरादून। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत विकासखंड रायपुर की दूरस्थ न्याय पंचायत सरोना में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी उपस्थित रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही लाभ प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 20 का तत्काल समाधान कर दिया गया। इससे ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखा गया।

इस अवसर पर 451 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिया गया। कृषि विभाग की ओर से ज्वालपा माता स्वयं सहायता समूह को फार्म मशीनरी बैंक की खरीद के लिए 4 लाख रुपये का अनुदान चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा किसान महेंद्र और मंजू देवी को 80 प्रतिशत अनुदान पर पावर वीडर वितरित किए गए।

बाल विकास विभाग द्वारा दो महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और 10 किशोरियों को किशोरी किट प्रदान की गई। शिविर के दौरान 17 लोगों के आधार कार्ड का अद्यतन किया गया, जबकि एक दिव्यांग प्रमाण पत्र भी मौके पर ही जारी किया गया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.