इग्नू देहरादून प्लेसमेंट ड्राइव में 64 छात्रों को मिला सुनहरा अवसर

देहरादून। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय केंद्र देहरादून में 12 फरवरी 2026 को आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस रोजगार मेले का आयोजन इग्नू प्लेसमेंट सेल, नई दिल्ली और कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के समीपवर्ती जिलों और दिल्ली से आए 100 से अधिक छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल डिमरी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने आमंत्रित कंपनियों को इग्नू के विद्यार्थियों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि, व्यावहारिक कौशल और कार्यक्षमता से अवगत कराया। डॉ. डिमरी ने कहा कि इस तरह की प्लेसमेंट ड्राइव विशेष रूप से उन छात्रों के लिए लाभकारी होती हैं जो साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से आते हैं। शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर मिलने से छात्र आत्मनिर्भर बनते हैं और अपने भविष्य को मजबूत आधार दे पाते हैं।

सीआईआई की ओर से राज्य प्रमुख वैभव गुप्ता, प्रतिनिधि साहिल दीप और मयंक असवाल उपस्थित रहे। वैभव गुप्ता ने बदलते रोजगार परिदृश्य में कैंपस प्लेसमेंट की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को निरंतर कौशल विकास, सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत का संदेश दिया।

इस प्लेसमेंट ड्राइव में एमआरएफ, ब्लिंकिट, उत्कर्ष बैंक, बार्बीक्यू नेशन, आई-सन, रेजरपे, वन पॉइंट वन, जेनियस पावर, नेक्स्ट जेन और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कंपनी प्रतिनिधियों ने छात्रों को उपलब्ध पदों, चयन प्रक्रिया और आवश्यक योग्यताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कई कंपनियों ने वन-टू-वन इंटरव्यू के माध्यम से अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया।

दिनभर चली चयन प्रक्रिया के अंत में दो कंपनियों ने मौके पर ही 13 प्रतिभागियों का अंतिम चयन किया। वहीं आठ अन्य कंपनियों ने 51 प्रतिभागियों को अंतिम चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया। इस प्रकार कुल 64 छात्रों को इस प्लेसमेंट ड्राइव में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।

कार्यक्रम का संचालन उपनिदेशक डॉ. राजीव कुमार ने किया। उन्होंने इसे विद्यार्थियों के करियर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के सफल आयोजन से छात्रों में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखा गया।

,

Leave A Reply

Your email address will not be published.