नानकमत्ता में इतिहास रचा: पहली महिला कोतवाल ने संभाली कमान, जानिए क्या हैं उनकी प्राथमिकताएं

नानकमत्ता। उधमसिंहनगर जनपद की नानकमत्ता कोतवाली में सोमवार को एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब पहली बार किसी महिला पुलिस अधिकारी ने कोतवाली की कमान संभाली। नव नियुक्त निरीक्षक मंजू पांडे ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर नानकमत्ता के पुलिस प्रशासन में नया अध्याय जोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि नानकमत्ता थाने को कोतवाली का दर्जा मिलने के बाद यह पहला अवसर है, जब किसी महिला अधिकारी को यहाँ कोतवाल के रूप में तैनात किया गया है।

कार्यभार संभालने के बाद निरीक्षक मंजू पांडे ने पत्रकारों से बातचीत में अपनी प्राथमिकताओं और कार्ययोजना को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और नशा तस्करी पर अंकुश लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालने के लिए पुलिस सख्त अभियान चलाएगी और नशा कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

महिला कोतवाल ने यह भी बताया कि नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि यातायात अव्यवस्था से आम लोगों को परेशानी होती है, जिसे दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।

निरीक्षक मंजू पांडे ने क्षेत्र की जनता से पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो बिना डर के पुलिस को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कोतवाली में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और समयबद्ध व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिला कोतवाल की नियुक्ति से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में नई उम्मीद जगी है और पुलिसिंग में संवेदनशीलता व सख्ती के संतुलन की अपेक्षा की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.