After Header-1

सोमेश्वर में विकास कार्यों पर सख्ती, लापरवाह अधिकारियों पर गिरेगी गाज

अल्मोड़ा। कैबिनेट मंत्री **रेखा आर्य** ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इनकी अनदेखी करने वाले अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि **विकास योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता** सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि **मुख्यमंत्री घोषणाओं सहित सभी स्वीकृत योजनाओं** को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, हीलाहवाली या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान **विकासखंड ताकुला** के अंतर्गत **गांव बीना के तोक दुर्गाथल** एवं **गांव भेटुली के तोक लोहारखोला** में संचालित **सोलर पेयजल पंपिंग योजना** के निर्माण कार्य में अनियमितताओं की जानकारी सामने आई। इस पर कैबिनेट मंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए **जिलाधिकारी को तत्काल जांच कराने** तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के खिलाफ **कड़ी कार्रवाई** करने के निर्देश दिए।

रेखा आर्य ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि **धरातल पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन** को सुनिश्चित करना है।

बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष **महेश नयाल**, जिलाधिकारी **अंशुल सिंह**, मुख्य विकास अधिकारी **रामजी शरण शर्मा**, परियोजना निदेशक डीआरडीए **एन. तिवारी**, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी **डॉ. अरविंद पांगती**, जिला विकास अधिकारी **एस.के. पंत**, उपजिलाधिकारी सदर **संजय कुमार**, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी **रेणु भंडारी** सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री ने अंत में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करें।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.