रुड़की। रुड़की में नवनियुक्त पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नताशा सिंह के कार्यभार ग्रहण करने पर शहर के गणमान्य नागरिकों और बुद्धिजीवियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर रुड़की के वरिष्ठ साहित्यकार, अधिवक्ता एवं बार एसोसिएशन रुड़की के पूर्व अध्यक्ष डॉ. श्रीगोपाल नारसन एडवोकेट तथा वरिष्ठ अधिवक्ता विपुल कुमार वालिया ने डीएसपी नताशा सिंह का अभिनंदन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नताशा सिंह इससे पूर्व लक्सर क्षेत्र में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात थीं, जहां उनके कार्यकाल को अनुशासित और प्रभावी पुलिसिंग के लिए जाना गया। अब उनके रुड़की में पदस्थापित होने को शहर के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
स्वागत के दौरान वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. श्रीगोपाल नारसन ने डीएसपी नताशा सिंह को रुड़की के ऐतिहासिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि रुड़की केवल एक औद्योगिक और शैक्षणिक नगर ही नहीं, बल्कि यह बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों और सामाजिक चेतना से जुड़े लोगों का शहर है। ऐसे शहर में एक महिला पुलिस अधिकारी की तैनाती न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह नारी सशक्तिकरण की दिशा में भी एक सकारात्मक संदेश देती है।
डॉ. नारसन ने विश्वास व्यक्त किया कि नताशा सिंह अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करेंगी तथा आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करेंगी। उन्होंने डीएसपी नताशा सिंह को नारी सशक्तिकरण और विश्व शांति की प्रतीक संस्था ब्रह्माकुमारीज में पधारने का आमंत्रण भी दिया।
इस अवसर पर नताशा सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे रुड़की की कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।