देहरादून। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत मसूरी के बार्लोगंज क्षेत्र में स्थापित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शनिवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए इस आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ किया और क्षेत्रवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
लोकार्पण के अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के पास ही उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर आम नागरिकों को प्राथमिक उपचार के साथ-साथ आवश्यक स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और विभिन्न टेस्ट निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। इससे विशेष रूप से गरीब, बुजुर्ग और जरूरतमंद वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सर्वसुलभ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल इलाज पर होने वाले खर्च को कम करेगा, बल्कि समय पर बीमारी की पहचान और उपचार में भी सहायक होगा।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी राज्य के दूरस्थ और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र स्थानीय लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पार्षद शिवानी भारती, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस स्वास्थ्य सुविधा को क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया।
स्थानीय लोगों ने अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे अब उन्हें छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।