सैन्यधाम के अंतिम चरण का जायज़ा, मंत्री गणेश जोशी ने दिए निर्माण तेज़ करने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को देहरादून के गुनियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्यधाम के अंतिम चरणों के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैन्यधाम केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि देश के वीर सैनिकों के बलिदान और शौर्य को समर्पित आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने निर्माण कार्य में भव्यता, दिव्यता और गरिमा बनाए रखने पर विशेष बल दिया। मंत्री ने बताया कि यह परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि सैन्यधाम का निर्माण देशभर के प्रमुख सैन्य स्मारकों और ऐतिहासिक स्थलों के गहन अध्ययन के बाद किया जा रहा है, ताकि यह स्थल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सके। उन्होंने कहा कि यह धाम देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि होगा।

मंत्री गणेश जोशी ने स्पष्ट किया कि सैन्यधाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना और उत्तराखंड सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। प्रदेश सरकार इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इसके प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सैनिक बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह बसेरा, डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर आर.एस. थापा, मेजर जनरल सम्मी सबरवाल, निदेशक श्याम सिंह, परियोजना निदेशक रविंद्र कुमार, लक्ष्मण सिंह रावत, कैप्टन दिनेश प्रधान सहित अन्य वरिष्ठ सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को निर्माण कार्यों की प्रगति से अवगत कराया और शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.