After Header-1

नारी निकेतन की संवासिनियों को समाज से जोड़ने की अनूठी पहल, डीएम सविन बंसल ने बताया उद्देश्य

देहरादून। मुख्यमंत्री की प्रेरणा और देहरादून जिला प्रशासन के संवेदनशील एवं मानवीय प्रयासों से संरक्षण गृहों में निवासरत महिलाओं और बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। **राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (नारी निकेतन)** तथा **बालिका निकेतन** में रहने वाली संवासिनियों और बालिकाओं को आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में निरंतर सशक्त किया जा रहा है।

इसी क्रम में **जिलाधिकारी सविन बंसल** के मार्गदर्शन में एक विशेष **एक्सपोजर विजिट** का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य केवल भ्रमण या मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक वातावरण से जुड़ाव के माध्यम से आत्मविश्वास, अपनत्व और सकारात्मक सोच को मजबूत करना रहा।

नारी निकेतन की संवासिनियों को **क्रॉसरोड मॉल** ले जाया गया, जहां उन्हें बहुचर्चित देशभक्ति फिल्म **‘बॉर्डर-2’** दिखाई गई। इसके बाद उन्हें स्नेहपूर्ण माहौल में स्थानीय रेस्टोरेंट में दोपहर का भोजन कराया गया और मॉल में स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों का अवलोकन कराया गया। इस दौरान महिलाओं के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी और आत्मविश्वास इस बात का संकेत था कि वे एक नई शुरुआत के लिए स्वयं को तैयार महसूस कर रही हैं।

वहीं **बालिका निकेतन** की बालिकाओं को **सिल्वर सिटी मॉल, पेसिफिक मॉल और राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन** का शैक्षिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण कराया गया। सिल्वर सिटी मॉल में बालिकाओं को देशभक्ति फिल्म दिखाई गई। भ्रमण के दौरान उनकी सुरक्षा, जलपान और देखरेख की समुचित व्यवस्था की गई। इस एक्सपोजर विजिट से बालिकाओं ने सामाजिक और व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया, जिससे उनके दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।

जिलाधिकारी **सविन बंसल** ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि संरक्षण गृहों में रह रहे असहाय महिलाओं और अनाथ बालिकाओं को सम्मान और विश्वास के साथ समाज से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जब इन्हें सामान्य सामाजिक वातावरण और स्नेह मिलता है, तो उनका पुनर्वास अधिक स्थायी और सार्थक बनता है। जिला प्रशासन भविष्य में भी इसी भावना के साथ ऐसे प्रयास जारी रखेगा।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.