ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका: चोट के चलते वर्ल्ड कप नहीं खेल पाएंगे कप्तान कमिंस

नई दिल्ली,  ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ माने जाने वाले पैट कमिंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं। इस फैसले के पीछे उनकी पीठ की चोट और रिकवरी में हुई मामूली देरी को कारण बताया गया है। खुद कमिंस ने स्वीकार किया है कि वह टूर्नामेंट के लिए लगभग फिट हो चुके थे, लेकिन अंतिम समय में उनके पास पूरी तरह तैयार होने के लिए पर्याप्त समय नहीं बचा।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए घोषित ऑस्ट्रेलियाई टीम में कमिंस की जगह तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शिस को शामिल किया गया है। 7 फरवरी से शुरू हो रहे इस मेगा टूर्नामेंट से बाहर होने पर कमिंस ने कहा कि वह शारीरिक रूप से पहले से बेहतर महसूस कर रहे थे, लेकिन मेडिकल सलाह को नजरअंदाज करना जोखिम भरा हो सकता था।

आईसीसी के हवाले से कमिंस ने कहा, “यह वाकई दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं अच्छा महसूस कर रहा था, बस एक छोटी-सी समस्या थी, लेकिन सच कहूं तो समय कम पड़ गया। अब मैं कुछ हफ्ते आराम करूंगा और फिर आगे की योजना बनाऊंगा।”
उन्होंने बताया कि एडिलेड टेस्ट के बाद मेडिकल टीम ने उनकी पीठ को पूरी तरह ठीक होने के लिए चार से आठ हफ्तों का समय देने की सलाह दी थी।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के अनुसार, शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि चार हफ्तों में वह फिट हो जाएंगे, क्योंकि उनकी स्थिति लगातार बेहतर हो रही थी। लेकिन फॉलो-अप स्कैन के बाद पता चला कि उन्हें पूरी तरह ठीक होने के लिए कम से कम दो हफ्ते और चाहिए। इसके चलते वर्ल्ड कप से पहले तैयारी का समय बेहद सीमित हो गया।

कमिंस ने स्पष्ट किया कि अब उनका लक्ष्य मार्च में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करना है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनका मुख्य फोकस साल के दूसरे हिस्से में होने वाले अहम टेस्ट मुकाबलों पर रहेगा। ऑस्ट्रेलिया को आने वाले महीनों में बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज खेलनी हैं, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा होंगी।

वर्ल्ड कप से बाहर रहने के बावजूद कमिंस ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की ताकत पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ हालिया टी20I सीरीज में मिली हार टीम की वास्तविक क्षमता को नहीं दर्शाती। उनके मुताबिक, खिलाड़ी अच्छे बिग बैश सीजन से आ रहे हैं और टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ वर्ल्ड कप में उतरने के लिए तैयार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.