40वां वार्षिकोत्सव बना यादगार, बच्चों की प्रस्तुतियों और शहीदों के सम्मान ने जीता दिल

रुड़की।
लक्ष्मी मोंटेसरी स्कूल के प्रांगण में विद्यालय का 40वां वार्षिकोत्सव देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर देश के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक रणपाल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना के साथ हुई, जिसके बाद सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन धारण किया। इसके उपरांत विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।

मुख्य अतिथि रणपाल सिंह ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आज जो आज़ादी हम खुली हवा में महसूस कर रहे हैं, वह अमर शहीदों की कुर्बानी का ही परिणाम है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि अच्छी और संस्कारयुक्त शिक्षा ही इस आज़ादी को सार्थक बनाएगी।

विशिष्ट अतिथि विश्व उपभोक्ता संगठन भारत की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. शाजिया नाज़ एडवोकेट ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में बच्चों के लिए केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, शुद्धता और मानकों की समझ बच्चों को एक जागरूक नागरिक बनाने में सहायक होगी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पीडब्ल्यूडी अधिकारी पंकज कुमार एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. साधना ने भी अपने विचार व्यक्त किए और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर समाजसेविका डॉ. यासमीन राव, डायरेक्टर सबा अंसारी, सुमैया राव, विवेक कुमार, आफरीन मिर्जा, श्रीमती अर्चना, इतरका, गुलशफा, श्रीमती विनीता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विश्व उपभोक्ता संगठन भारत के अध्यक्ष असगर आलम ने किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.