After Header-1

600 करोड़ के घोटाले में फिल्मी सितारों की एंट्री, अदालत के आदेश से जांच तेज

पूर्वी सिंहभूम,
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में सामने आए बहुचर्चित निवेश घोटाले के मामले में अदालत के निर्देश पर एक नई प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस ताजा एफआईआर में बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा, चंकी पांडेय, शक्ति कपूर, गायक व अभिनेता मनोज तिवारी सहित मेक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को आरोपी बनाया गया है। कंपनी के दोनों निदेशक पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं।

साकची थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने शनिवार को नई एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई अदालत के आदेश के बाद की गई है। अब इस मामले की जांच को और व्यापक व तेज किया जाएगा।

यह मामला बर्मामाइंस थाना क्षेत्र निवासी जसपाल सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने मेक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड की आकर्षक निवेश योजना से प्रभावित होकर करीब आठ लाख रुपये का निवेश किया था। कंपनी ने उन्हें प्रतिमाह 15 प्रतिशत तक रिटर्न देने का भरोसा दिलाया था, लेकिन निवेश के बाद न तो मूलधन वापस मिला और न ही कोई ब्याज दिया गया।

जसपाल सिंह का कहना है कि कंपनी द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रमों और प्रचार अभियानों में नामी फिल्मी सितारों की मौजूदगी देखकर उन्हें कंपनी पर भरोसा हुआ। इन आयोजनों में बड़े मंच, चमक-दमक और मशहूर कलाकारों के भाषणों के जरिए आम लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया गया था। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कलाकारों ने मंच साझा कर कंपनी की योजनाओं की सराहना की, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मेक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज हैं। कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और प्रियंका सिंह को करीब एक साल पहले बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार किया गया था और तब से वे न्यायिक हिरासत में हैं।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस कथित निवेश घोटाले में 600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हड़पने का संदेह है, जिससे 25 हजार से ज्यादा निवेशक प्रभावित हुए हैं। अब ताजा एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जाएगी, खासतौर पर यह पता लगाया जाएगा कि कलाकारों की भूमिका केवल प्रचार तक सीमित थी या उन्होंने सीधे निवेश के लिए लोगों को प्रेरित किया था।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.