देहरादून।
भारत सरकार के महत्वाकांक्षी **‘प्रगति पोर्टल’** को देश के विकास और ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने का मजबूत माध्यम बताते हुए मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** ने कहा कि यह पोर्टल परियोजनाओं की निगरानी, समीक्षा और समयबद्ध क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभा रहा है। शुक्रवार को **पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून** द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य में संचालित विभिन्न केंद्रीय परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि **प्रगति पोर्टल (Pro-Active and Timely Implementation)** को परियोजनाओं, योजनाओं और जन शिकायतों की त्वरित समीक्षा व समाधान के उद्देश्य से तैयार किया गया है। डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत लॉन्च किया गया यह पोर्टल भारत सरकार की प्रमुख योजनाओं और परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी करता है, जिससे अड़चनों की पहचान कर उनका समय रहते समाधान संभव हो पाता है। इसके परिणामस्वरूप विकास कार्य तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश में **इंफ्रास्ट्रक्चर, परिवहन, रेलवे, आईटी, स्वास्थ्य सेवाओं और हवाई संपर्क** के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। उत्तराखंड भी इस विकास यात्रा का अहम हिस्सा बना है। वर्तमान समय में राज्य में **3.50 लाख करोड़ रुपये के कुल निवेश वाली 42 बड़ी परियोजनाओं** की निगरानी की जा रही है। इनमें से **1.22 लाख करोड़ रुपये के 15 हाई-वैल्यू प्रोजेक्ट्स** की समीक्षा प्रगति मैकेनिज्म के तहत की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इन 42 परियोजनाओं में से **10 योजनाएं सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं**, जबकि शेष **32 परियोजनाओं पर तेज गति से कार्य प्रगति पर है**। उन्होंने कहा कि यह सब प्रगति पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग और केंद्र-राज्य समन्वय के कारण संभव हो सका है।
मुख्यमंत्री धामी ने **चारधाम सड़क परियोजना** को राज्य की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि इस परियोजना पर तेजी से काम हुआ है, जिससे न केवल श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम हुई है बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत हुई है। इसी तरह **ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन** को उन्होंने उत्तराखंड के लिए गेम-चेंजर परियोजना बताया। पहाड़ों के बीच से गुजरने वाली यह रेल लाइन दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ेगी। इसके पूर्ण होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, चारधाम यात्रा और आसान होगी तथा सामरिक दृष्टि से भी राज्य को मजबूती मिलेगी। मानसून के दौरान जब सड़क मार्ग बाधित होते हैं, तब यह रेल लाइन आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने **दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे** परियोजना के लिए प्रधानमंत्री **नरेंद्र मोदी** का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसके पूरा होने से राजधानी दिल्ली से देहरादून की दूरी और समय दोनों में ऐतिहासिक कमी आएगी।
भागीरथी **इको-सेंसिटिव ज़ोन** के कारण जल विद्युत परियोजनाओं में आ रही बाधाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक चुनौतीपूर्ण विषय है, जिस पर राज्य और केंद्र सरकार मिलकर समाधान निकालने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण और आर्थिक प्रगति को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार ने इस वित्तीय वर्ष में **पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना के अंतर्गत 1800 करोड़ रुपये** की धनराशि राज्य को प्रदान की है।