टूटी लाइटें, गंदगी और अव्यवस्था! गांधी पार्क मुद्दे पर गरमाया निगम प्रशासन

देहरादून।
शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल गांधी पार्क की आंतरिक व्यवस्था और लगातार बढ़ रही समस्याओं को लेकर नगर निगम देहरादून के महापौर को ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने पार्क के समुचित रखरखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में एक निजी कंपनी द्वारा गांधी पार्क के फुटपाथ के आसपास लगभग डेढ़ सौ से अधिक लाइटें लगाई गईं, लेकिन लापरवाही के चलते बड़ी संख्या में लाइटें टूट चुकी हैं और कई स्थानों पर बिखरी पड़ी हैं। इससे न केवल पार्क की सुंदरता प्रभावित हुई है, बल्कि नगर निगम को भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। इसके साथ ही पार्क परिसर में कूड़ा-कचरा और गंदगी के ढेर लगे होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी शिकायत की कि गांधी पार्क धीरे-धीरे असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पार्क में नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में महापौर का ध्यान हाल ही में पार्क के चारों ओर निजी कंपनी को दिए गए पार्किंग ठेके की ओर भी आकर्षित किया गया। बताया गया कि पार्किंग शुल्क के कारण आमजन, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग, पार्क आने से कतरा रहे हैं, जिससे पार्क में लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि गांधी पार्क के मुख्य द्वार के आसपास पार्किंग शुल्क न लिया जाए तथा शुलभ शौचालय के सामने की जगह को भी शुल्क मुक्त किया जाए। इसके अलावा, पार्किंग शुल्क से बचने के लिए इलेक्ट्रिक बस स्टैंड के सामने निजी वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे बस स्टैंड पर यात्रियों को खड़े होने में दिक्कत हो रही है।

ज्ञापन में रायपुर ओली खाला क्षेत्र में पड़े मलबे की सफाई की मांग भी उठाई गई। प्रतिनिधियों ने चेताया कि बरसात के दौरान पानी घरों में घुस सकता है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी।

महापौर ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में **सचिव अनंत आकाश, सीआईटीयू जिला महामंत्री लेखराज, आंदोलनकारी परिषद के संरक्षक नवनीत गुसाईं, सीआईटीयू उपाध्यक्ष भगवंत पयाल, कोषाध्यक्ष रविंद्र नौडियाल, सचिव अभिषेक भंडारी, प्रवक्ता चिंतन सकलानी और विकास रावत** सहित कई लोग शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.