देहरादून।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में आयोजित **मुख्यमंत्री आर्चरी चैंपियनशिप ट्रोफी 2025-26** में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में एसबीपीएस आर्चरी एकादमी के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और टीम इवेंट्स में कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और राज्य का नाम रोशन किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 450 से अधिक तीरंदाजों ने भाग लिया। एसबीपीएस के **अक्षत** ने अंडर-14 इंडियन राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इंडिविजुअल इवेंट में सिल्वर मेडल, 30 मीटर स्पर्धा में गोल्ड और टीम इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, **कवीर** और **प्रद्युम्न** ने भी टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय की झोली में एक और उपलब्धि जोड़ी।
आर्चरी कोच **कुलदीप बिष्ट** ने बताया कि एसबीपीएस आर्चरी एकादमी के खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि **अमल्या पठानिया** ने इंडिविजुअल और टीम इवेंट में कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-19 इंडियन राउंड में **रीजा** ने टीम इवेंट में गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं **आनंदिता** और **आशुतोष** ने भी टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। **शुभ भंडारी** ने टीम इवेंट में गोल्ड और इंडिविजुअल 40 मीटर स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया।
कंपाउंड इवेंट में **राजवीर सिंह चौहान** ने टीम इवेंट में गोल्ड, ओलंपिक राउंड में सिल्वर और इंडिविजुअल 50 मीटर स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर सभी को प्रभावित किया।
बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक **विपिन बलूनी** ने सभी पदक विजेता तीरंदाजों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निकट भविष्य में उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता के पदक विजेताओं को भविष्य में **सरकारी नौकरियों में खेल कोटे के तहत 4 प्रतिशत आरक्षण** का लाभ भी मिलेगा।