देहरादून।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के बहुचर्चित अंकिता हत्याकांड में न्याय दिलाने के बजाय कांग्रेस लगातार बाधाएं उत्पन्न कर रही है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह संवेदनशील मामला राजनीतिक स्वार्थ की भेंट चढ़ाया जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा गोदियाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की संस्तुति जनभावनाओं और अंकिता के माता-पिता की इच्छा के अनुरूप की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी भी इस मामले की सीबीआई जांच नहीं चाहती थी, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा से कांग्रेस को राजनीतिक झटका लगा है।
चौहान ने स्पष्ट किया कि किसी भी केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की एक संवैधानिक प्रक्रिया होती है, जिसमें राज्य सरकार की संस्तुति और केंद्र की सहमति शामिल होती है। कांग्रेस इस प्रक्रिया को जानबूझकर भ्रमित कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मीडिया ट्रायल करने के बजाय मामले की कानूनी स्थिति को समझना चाहिए था। कोर्ट में जो विवेचना हुई, उस पर कांग्रेस अब तथ्यों को तोड़-मरोड़कर नई बहस छेड़ रही है। जांच के दौरान नार्को टेस्ट जैसी मांगों पर अदालत और जांच एजेंसियों की पैनी नजर रही, जिससे कोई भी आरोपी जांच को भटका न सके।
चौहान ने यह भी कहा कि अदालत एसआईटी जांच से संतुष्ट रही और आरोपियों को सजा भी हो चुकी है। वे जमानत तक नहीं ले पाए, जो जांच की मजबूती को दर्शाता है। इसके बावजूद कांग्रेस ने लगातार एसआईटी जांच पर सवाल उठाए।
उन्होंने भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने वहां भी सीबीआई जांच को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश की, लेकिन जांच जारी है और कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी। इसी तरह ऊधम सिंह नगर में किसान आत्महत्या प्रकरण में एसआईटी जांच चल रही है और दोषियों पर कार्रवाई की गई है।
चौहान ने कहा कि जनता कांग्रेस की दुष्प्रचार की राजनीति को समझ चुकी है। अंकिता को न्याय दिलाने की दिशा में चल रही हर ईमानदार कोशिश में कांग्रेस रोड़े अटकाने का प्रयास कर रही है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।