दून सिल्क के नए आउटलेट से बदलेगी तस्वीर! बुनकरों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का अनुभव

देहरादून।
उत्तराखंड के रेशम बुनकरों को आत्मनिर्भर और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव रेशम फेडरेशन द्वारा प्रदेश के रेशम बुनकरों को चार राज्यों के अध्ययन भ्रमण पर भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य उन्हें आधुनिक तकनीक, नवीन डिज़ाइन और उन्नत रेशम उत्पादन की प्रक्रियाओं से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है।

यह घोषणा सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने देहरादून के राजपुर रोड स्थित **दून सिल्क के चौथे रिटेल आउटलेट** के शुभारंभ अवसर पर की। उन्होंने कहा कि अध्ययन भ्रमण से बुनकरों की दक्षता और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे वे अन्य राज्यों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को उत्तराखंड में भी लागू कर सकेंगे।

डॉ. रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह अध्ययन भ्रमण पूरी तरह सुनियोजित और उद्देश्यपूर्ण हो, ताकि बुनकरों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रेशम बुनकरों से सीधा संवाद करते हुए फेडरेशन की कार्यप्रणाली को लेकर उनकी राय भी जानी।

बुनकरों ने एक स्वर में रेशम फेडरेशन की पारदर्शी और ईमानदार कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने बताया कि योजनाओं के क्रियान्वयन, भुगतान व्यवस्था और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पारदर्शिता रखी जा रही है, जिससे उन्हें समय पर लाभ मिल रहा है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सहकारिता के क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और बुनकरों-किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसका परिणाम है कि जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान बुनाई कार्यशाला का आयोजन किया गया तथा **सिल्क समग्र परियोजना** के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर 25 कीटपालकों को चेक प्रदान किए गए, जबकि बुनाई से जुड़े लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे गए।

रेशम फेडरेशन के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ल ने बताया कि फेडरेशन का लक्ष्य प्रदेश की 10,000 महिलाओं को **लखपति दीदी** के रूप में सशक्त बनाना है। उन्होंने जानकारी दी कि शीघ्र ही प्रदेश में छह और दून सिल्क आउटलेट खोले जाएंगे तथा आगामी वर्ष के लिए ₹10 करोड़ के कारोबार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.