After Header-1

बर्फ की चादर में केदारनाथ धाम, कड़ाके की ठंड में ITBP और पुलिस तैनात

देहरादून,
उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ धाम इस समय भीषण हिमपात और कड़ाके की ठंड की चपेट में है। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते बाबा केदार की पावन नगरी पूरी तरह सफेद चादर में ढक चुकी है। धाम और आसपास के क्षेत्रों में करीब 3 से 4 फीट तक बर्फ जमा हो गई है, जिससे तापमान माइनस 16 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया है। ऐसी विषम परिस्थितियों में भी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान पूरी निष्ठा और संकल्प के साथ केदारनाथ धाम की सुरक्षा में डटे हुए हैं।

तेज बर्फीली हवाएं, फिसलन भरी पगडंडियां और जानलेवा ठंड हर कदम पर चुनौती पेश कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा बल मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। इन हिमवीरों का स्पष्ट संदेश है कि उनके लिए कर्तव्य किसी भी मौसम से बड़ा है।

हाल ही में 26 जनवरी के अवसर पर भी इन जवानों ने भारी बर्फबारी के बीच तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति और साहस का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। सफेद बर्फ के बीच लहराता तिरंगा देशभक्ति और समर्पण की भावना को और मजबूत करता नजर आया।

गौरतलब है कि शीतकाल के चलते केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद हैं, लेकिन इसके बावजूद मंदिर परिसर, मास्टर प्लान के अंतर्गत निर्मित सरकारी परिसंपत्तियों और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा पूरी मुस्तैदी से की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल हर समय सतर्क हैं।

मौसम विभाग द्वारा जारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चेतावनियों को देखते हुए जवानों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बताया कि कठिन भौगोलिक और मौसमीय हालात के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है।

प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा बलों का मनोबल ऊंचा है और बाबा केदार की नगरी की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.