देहरादून,प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के बाद रविवार को चटख धूप निकलने से मौसम बेहद सुहावना हो गया है। पहाड़ी इलाकों में ठंड के बीच खिली धूप ने लोगों को राहत दी है, वहीं पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है। मसूरी, औली, धनोल्टी समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर देखने और उसका आनंद लेने के लिए दूर-दराज से पर्यटक पहुंच रहे हैं।
मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रमुख चौराहों व मार्गों पर तैनात की गई हैं ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बर्फबारी के बाद कई स्थानों पर सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए थे, जिन्हें खोलने का कार्य तेज कर दिया गया है। मशीनरी और संसाधनों की मदद से प्रभावित मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है, ताकि आवागमन सामान्य हो सके।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेश में वर्षा, बर्फबारी और पाले के कारण उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र सामान्य किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और नियमित रूप से स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
विद्युत और पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखने के लिए विभागीय टीमें फील्ड में सक्रिय हैं। वहीं, किसी भी क्षेत्र में वाहन या व्यक्ति के फंसे होने की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन ने शीतलहर और बर्फबारी को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों और अन्य संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।