मिशन चंडाक के तहत पूरे जिले में चला मेगा क्लीन अभियान

पिथौरागढ़, 77वें गणतंत्र दिवस से एक दिन पूर्व सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में जिला प्रशासन ने मिशन चंडाक के अंतर्गत वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का सशक्त संदेश दिया। रविवार को पूरे जिले में एक साथ चले इस अभियान में मुख्य मार्गों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, पर्यटक क्षेत्रों और आवासीय इलाकों में बड़े पैमाने पर सफाई की गई।

अभियान के दौरान सड़क किनारे फैले कूड़ा-कचरे को हटाया गया, झाड़ियों की कटाई की गई और नालियों की सफाई कर जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित कर उन्हें स्वच्छ व आकर्षक रूप दिया गया, ताकि गणतंत्र दिवस के अवसर पर पिथौरागढ़ एक स्वच्छ और सुंदर जिले के रूप में नजर आए।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के नेतृत्व में जिला प्रशासन, एसएसबी, नगर निकायों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से इस स्वच्छता अभियान में भाग लिया। जिलाधिकारी ने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर पिथौरागढ़ केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मिशन चंडाक के माध्यम से न केवल सफाई की जा रही है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है।

प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता को स्थायी रूप दिया जा सकता है।

इस अवसर पर नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, एसएसबी 55वीं वाहिनी के कमांडर आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जवान मौजूद रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.