देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष **गणेश गोदियाल** ने जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए सैन्य वाहन हादसे में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रेस को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए **अंकिता भंडारी हत्याकांड** की सीबीआई जांच को लेकर सवाल खड़े किए।
गणेश गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनआक्रोश को देखते हुए अंकिता हत्याकांड में आनन-फानन में सीबीआई जांच की घोषणा तो कर दी, लेकिन यह घोषणा अब **पेपर लीक मामले की तरह अधर में लटकी नजर आ रही है**। उन्होंने कहा कि दोनों ही मामलों में अब तक सीबीआई की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है, जिससे सरकार की मंशा पर संदेह गहराता जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार शुरू से ही अंकिता मामले में लीपापोती करती रही है और जांच को प्रभावित करने की कोशिश की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला, तो अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस एक बार फिर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
पत्रकार वार्ता में गोदियाल ने **काशीपुर किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण** का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक न तो जांच पूरी हुई है और न ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाने के लिए कुछ पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया गया, जबकि उन्हें आम जनता की सुरक्षा में तैनात किया जाना चाहिए था।
भाजपा पर हमला बोलते हुए गोदियाल ने कहा कि भाजपा नेता कांग्रेस की गुटबाजी पर टिप्पणी करते हैं, जबकि खुद भाजपा अंदरूनी खेमेबंदी से जूझ रही है। उन्होंने अरविंद पांडेय और धामी सरकार के बीच चल रही सियासी खींचतान का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के भीतर सत्ता संघर्ष खुलकर सामने आ चुका है।
मीडिया के सवालों के जवाब में गोदियाल ने कहा कि भाजपा के बैनर-पोस्टरों से दुष्यंत गौतम की तस्वीर का अचानक गायब होना इस बात की ओर इशारा करता है कि भाजपा भी यह मान रही है कि अंकिता हत्याकांड में कोई वीआईपी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि देर से दूरी बनाकर जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की जा रही है।
पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, गरिमा दसौनी और सोशल मीडिया प्रभारी अभिनव थापर समेत अन्य नेता मौजूद रहे।